
| युवराज और गांगुली ने शतक जमाए
|
08 दिसम्बर 2007
एजेंसियां
बेंगलुरू। पाकिस्तान के खिलाफ जब टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम चुनी जा रही थी तब चयनकर्ताओं और कप्तान अनिल कुंबले ने कहा था कि युवराज सिंह को टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। युवराज ने इंतजार किया और मौका मिलते ही आज शतक ठोक दिया। बेंगलुरू में आज शुरु हुए तीसरे और अंतिम टेस्ट में भारत एक समय 65 रनों पर चार विकेट गंवा चुका था और संघर्ष करता नजर आ रहा था। लेकिन 135 गेंदों पर बनाए गए युवराज के शानदार शतक ने पाकिस्तान की शुरुआती सफलता पर पानी फेर दिया।
वहीं पिछले टेस्ट मैच में ही शतक ठोकने वाले पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भी युवराज का खूब साथ निभाया और अपना लगातार दूसरा टेस्ट शतक बनाया।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत पांच विकेट के नुकसान पर 365 रन बना चुका था। सौरव गांगुली 125 (नाबाद) और दिनेश कार्तिक 3 रन (नाबाद) बनाकर पवैलियन लौटे।
आज युवराज सिंह भारत की ओर से आउट होने वाले आखिरी खिलाड़ी रहे। लेकिन आउट होने से पहले युवराज 28 शानदार चौकों की मदद से 169 रन बना चुके थे। युवराज का यह टेस्ट मैचों में तीसरा शतक है और खास बात यह है कि उन्होंने अपने तीनों शतक पाकिस्तान के खिलाफ ही लगाए हैं।
सचिन तेंदुलकर और महेन्द्र सिंह धोनी के अनफिट होने पर टीम में चुने गए युवराज सिंह ने इस मौके का पूरा-पूरा फायदा उठाया और न केवल भारत को मजबूत स्थिती में पहुंचाया, बल्कि चयनकर्ताओं को भी मुश्किल में डाल दिया है। अब शायद युवराज को टेस्ट टीम से और बाहर रखना चयनकर्ताओं के लिए मुनासिब नहीं होगा।
इससे पहले टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से पाकिस्तान के लिए भाग्यशाली रहे यहां के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आज सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में भारत पहले ही सत्र में लड़खड़ा गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के उतरी भारतीय टीम लंच तक 65 रनों पर अपने शीर्ष चार बल्लेबाज गंवा चुका था।
श्रृंखला में अपना पहला मैच खेल रहे पाक के तेज गेंदबाज यासिर अराफात ने भारत को जोरदार झटके देते हुए शुरु के चार में से तीन विकेट चटकाए।
चोटिल सचिन तेंदुलकर और महेन्द्र सिंह धोनी के बदले आज भारत ने गौतम गंभीर और युवराज सिंह को मैच में मौका दिया है।
भारत की ओर से आउट होने वाले सबसे पहले बल्लेबाज गंभीर रहे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर सिर्फ 5 रन बनाकर सामी की गेंद पर आउट हो गए।
उसके बाद अराफात ने भारत को तीन और झटके देते हुए भारतीय टीम को हिलाकर रख दिया। दूसरे, तीसरे और चौथे विकेट के रूप में क्रमश: राहुल द्रविड़, वसीम जाफर और वीवीएस लक्ष्मण आउट हुए।
स्कोर अभी तक-
भारत/पहली पारी- 365 रन, 5 विकेट, 90 ओवर
(
पूरा स्कोर कार्ड देखिए )
तस्वीरें- देखिए मैच की तैयारियां
भारतीय टीम में चार बदलाव-
बल्लेबाजी में भारत ने जहां घुटने की चोट से जूझ रहे सचिन तेंदुलकर को इस मैच में शामिल नहीं किया गया है, वहीं विकेटकीपर महेंद्र सिंह हाथ में लगी चोट के कारण अंतिम एकादश में शामिल नहीं किए गए। इन दोनों की जगह गौतम गंभीर और युवराज सिंह को मौका दिया गया है।
गेंदबाजों में जहीर खान और मुनाफ पटेल की जगह इरफान पठान और ईशांत शर्मा को नई गेंद की जिम्मेदारी दी गई है। जहीर अनफिट हैं, वहीं मुनाफ पटेल को खराब प्रदर्शन के आधार पर टीम से बाहर रखा गया है।
पाकिस्तान टीम में एक बदलाव-
मेहमान पाक टीम ने इस मैच के लिए सिर्फ एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज सौहेल तनवीर की जगह ऑलराउंडर यासिर अराफात को अंतिम एकादश में जगह दी गई है। इस मैच से अराफात अपने टेस्ट करियर का आगाज करेंगे।
तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत दिल्ली में खेला गया पहला टेस्ट जीतकर 1-0 से आगे हैं। जबकि कोलकाता में खेला गया दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा था।
दोनों टीमें इसप्रकार हैं-
भारत- अनिल कुंबले (कप्तान), राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, गौतम गंभीर हरभजन सिंह, इरफान पठान, वसीम जाफर, ईशांत शर्मा और दिनेश कार्तिक।
पाक- युनिस खान (कप्तान), मोहम्मद यूसुफ, कामरान अकमल, सलमान बट्ट, यासिर हमीद, मिस्बाह उल-हक, यासिर अराफात, फैसल इकबाल, दानिश कनेरिया, शोएब अख्तर और मोहम्मद सामी।
दोनों टीमें इसप्रकार हैं-
भारत- अनिल कुंबले (कप्तान), राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, गौतम गंभीर हरभजन सिंह, इरफान पठान, वसीम जाफर, ईशांत शर्मा और दिनेश कार्तिक।
पाक- युनिस खान (कप्तान), मोहम्मद यूसुफ, कामरान अकमल, सलमान बट्ट, यासिर हमीद, मिस्बाह उल-हक, यासिर अराफात, फैसल इकबाल, दानिश कनेरिया, शोएब अख्तर और मोहम्मद सामी।
http://www.josh18.com/sports.html